Bareilly: डिप्टी सीएम का तीखा वार...कांग्रेस को बताया भ्रष्टाचार की अम्मा, बोले-राम के नाम से होता है पेट दर्द
बरेली, अमृत विचार। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात की। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि जहां राम जी का नाम आता है, वहां इनको पेट दर्द होना शुरू हो जाता है। अखिलेश को वीबी- जी-राम-जी योजना के बारे में कुछ नहीं पता। वहीं कांग्रेस को उन्होंने भ्रष्टाचार की अम्मा बताया। कहा कि कांग्रेस विरोध इसलिए कर रही है ताकि भ्रष्टाचार का रास्ता बना रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सर्किट हाउस में शनिवार को विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम 2025 (वीबी-जी-राम-जी) योजना के बारे में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10 लाख करोड़ खर्च होने के बावजूद जैसा गांवों का विकास होना चाहिए था वैसा नहीं हुआ। मनरेगा का मतलब भ्रष्टाचार हो गया था। उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताया। कांग्रेस भ्रष्टाचार करने के लिए गरीबों, किसानों, महिलाओं के नाम पर इस तरह की योजनाए बनाती थी। पूर्व में जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उससे एक-एक पाई वसूली जाएगी।
कांग्रेस वीबी-जी-राम-जी का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि उनका भ्रष्टाचार बंद होने वाला है, मनरेगा में एक वर्ष में 100 दिन काम की गारंटी थी। मगर नए कानून के तहत 125 दिन काम मिलेगा। पहले मनरेगा केवल कागजों में थी। धरातल पर अगर काम होता तो जिस तरह स्मार्ट सिटी है, उसी तरह स्मार्ट गांव बन जाते। मौजूदा सरकार जी राम जी योजना के तहत गांवों को स्मार्ट बनाएगी। जी राम जी के तहत केवल विकास होगा भ्रष्टाचार नहीं।
डिप्टी सीएम ने एक-एक कर योजना के फायदे बताए। साथ ही कहा कि विपक्ष को राम जी से नफरत है, जहां राम जी का नाम आ जाएगा उसका विरोध उन्हें करना है। राम जी का नाम लेने से पेट में दर्द होता है। अखिलेश के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें वीबी-जी राम-जी योजना के बारे में कुछ नहीं पता। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव हारने के बाद अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। कांग्रेस तो योजना का विरोध इसलिए रही है क्योंकि कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार की अम्मा है। कांग्रेस चाहती है कि भ्रष्टाचार करने का रास्ता बना रहे।
इस दौरान सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, राघवेंद्र शर्मा, डॉ डीसी वर्मा, डॉ एमपी आर्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहरोन लाल मौर्य, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, राम गोपाल मिश्रा , पूरन लाल लोधी, पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, मौजूद रहे।
