बदायूं: बीमारी से परेशान बुजुर्ग सराफा व्यापारी ने गोली मारकर की आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। सप्ताह भर से बीमार चल रहे बुजुर्ग सराफा व्यापारी ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्वास्थ्य खराब होने की वजह से वह परेशान चल रहे थे। उन्होंने चार दिन से अपनी दुकान नहीं खोली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

वजीरगंज थाना क्षेत्र के नगर सैदपुर के मोहल्ला महेश चौक निवासी विद्यासागर रस्तोगी (92) पुत्र भूपराम रस्तोगी सराफा व्यापारी थे। घर के बाहरी हिस्से में ही उनकी दुकान थी। उनकी पत्नी की लगभग 10 साल पहले मौत हो चुकी थी। उनके चार बेटों में दो की मौत हो चुकी है। जबकि दो बेटे जिले से बाहर रहकर व्यापार करते हैं। बड़े बेटे ब्रजकिशोर रस्तोगी दिल्ली और छोटे बेटे नंद किशोर रस्तोगी बरेली रहते हैं। 

जिसके चलते वह अपने घर पर अकेले रहते थे। वह एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे। उन्हें ट्वायलेट न आने की समस्या हो गई थी। इलाज के  दौरान निजी चिकित्सक ने उनके नली डाली थी। जिसकी वजह से वह मानसिक और शारीरिक तनाव में आ गए थे। उन्होंने चार दिन से अपनी दुकान नहीं खोली थी। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों ने उनके बेटों को सूचना दी थी लेकिन वह लोग नहीं आए। 

शनिवार सुबह वह घर से बाहर नहीं निकले। इसी दौरान पड़ोसियों को गोली चलने की आवाज आई। वह विद्यासागर रस्तोगी के घर पहुंचे। घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर कोई गतिविधि नहीं हुई। भीतर जाकर देखा तो विद्यासागर रस्तोगी का शव पड़ा था। पास में ही एक तमंचा और सात कारतूस थे। लोगों की सूचना पर वजीरगंज के थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। और आलाधिकारियों को सूचना दी। 

सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम को बुलाया गया। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीमारी और अकेलेपन की वजह से वह परेशान रहते थे। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि बुजुर्ग की मौत हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार