बुलडोजर से कार्यकर्ताओं ने UP BJP अध्यक्ष पर बरसाए फूल : पंकज चौधरी बोले- भ्रम और झूठ का जवाब सच्चाई और सेवा से देंगे भाजपाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। रामलला के दर्शन और संगठन की बैठक को लेकर आयोध्या जाते समय नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जिले में जोरदार स्वागत हुआ। जिले में किसान पथ के निकट शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला भिटरिया बाई पास तक चलता रहा। दर्जनों जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का हुजूम उमड़ा।

बुलडोजर पर सवार कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में पुष्प वर्षा करते रहे। इस दौरान राष्ट्रवादी जयघोष गूंजते रहे। किसान पथ से शुरू हुआ स्वागत कार्यक्रम सफेदाबाद, एसके मैरिज लॉन, लक्ष्बर बजहा, दादरा, सफदरगंज चौराहा, कोटवा सड़क, अहमदपुर टोल प्लाजा, भिटरिया बाईपास और नारायण ढाबा के पास  संपन्न हुआ।

भिटरिया बाई पास के निकट आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है। संगठन की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। मैं स्वयं भी एक साधारण कार्यकर्ता रहा हूं और आज जो जिम्मेदारी पार्टी ने मुझे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सौंपी है, उस दायित्व को मैं कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा करने का काम करूंगा।

cats

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी राजनीति की निरंतरता का संकल्प है। अब हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए जनसंपर्क और जनविश्वास की इस लड़ाई में पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाना है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार गरीब, किसान, श्रमिक, महिला और युवा सरकारी योजनाओं के केंद्र में आए हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ मोदी सरकार बिना भेदभाव के समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण तीनों मोर्चों पर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ राजनीतिक शक्तियां हैं जिन्हें न तो देश का विकास रास आता है और न ही गरीबों का आत्मसम्मान। ऐसे लोग भ्रम, झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हर झूठ का जवाब सच्चाई, सेवा और संगठन की ताकत से देगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और अभिनंदन के लिए  हृदय से आभार ज्ञापित किया।

कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और उत्साह संगठन की असली शक्ति है और हमें नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का प्रेम, सम्मान और उत्साह मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के प्रति उनके समर्पण के लिए नमन करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि यह ऊर्जा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। 

cats

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, उपेंद्र सिंह रावत, लल्लू सिंह, शरद अवस्थी, संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, शशांक कुसुमेश, अरविंद मौर्य, हरगोविंद सिंह, अमरीश रावत, राम कुमारी मौर्य, विवेक वर्मा, राकेश वर्मा कर्रा, प्रवासी राजकिशोर मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, नवीन सिंह राठौर, अनूप यादव, जगदीश गुप्ता, रोहित सिंह, पवन सिंह रिंकू, सिद्धार्थ अवस्थी आदि मौजूद रहे।

मंच पर नकदी तो भीड़ में मोबाइल हुए गुम

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में जुटे कई नेताओं को तगड़ा चूना लग गया। भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने मौके का फायदा उठाते हुए जमकर हाथ साफ किया। स्वागत के लिए पहुंचे भाजपा नेता डॉ. विवेक वर्मा के पर्स से लगभग 80 हजार रुपये, एक महंगा मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। वहीं भाजपा नेता सिद्धार्थ अवस्थी और नवीन राठौर के कीमती एप्पल मोबाइल फोन तथा लगभग 40 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए। इसके अलावा रामनगर नगर पंचायत के अध्यक्ष रामशरण पाठक की जेब से मंच पर ही करीब 32 हजार रुपये निकाल लिए गए। 

9

प्रदेश अध्यक्ष के जाने के बाद जब इनका हाथ जेब की ओर गया तो नेता अवाक रह गए। आक्रोशित भाजपा नेताओं ने संबंधित थानों में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। इसी तरह नगर पंचायत टिकैतनगर के वार्ड नम्बर 7 के सभासद राजकुमार रावत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अत्यधिक भीड़ के चलते मोबाइल फोन कहीं गिर गया। जिसे काफी खोजबीन के बाद भी बरामद नहीं किया जा सका। 

बिना टोल दिए फर्राटा भर गए सैकड़ों वाहन

जिला मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में न सिर्फ कार्यकर्ताओं की भीड़ बल्कि वाहनों का लंबा काफिला जुड़ गया। कार्यकर्ताओं की जोश से भरी हुंकार, नारेबाजी के बीच तेज रफ्तार के साथ काफिले में शामिल सैकड़ों वाहन नेशनल हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा तक पहुंचे। नियमानुसार बिना टोल दिए किसी वाहन को गुजरना नहीं चाहिए लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के वाहन के आगे स्कार्ट वाहन के बाद दूसरा वाहन काफिले में सबसे पीछे था।

पहली स्कार्ट निकलते ही चौपहिया वाहनों ने ऐसी रफ्तार भरी कि प्लाजा गर्मी गिनती ही भूल गए। बूम बैरियर खुला का खुला ही रह गया और सैकड़ों वाहन एक साथ गुजर गए, इसका फायदा कई निजी वाहनों ने भी उठाया। एक अनुमान के तहत करीब ढाई से तीन हजार वाहन यूं ही पार हो गए। टोल प्लाजा से जुड़े सौरभ सिंह ने बताया कि उन्हे पहले से जानकारी नहीं थी पर स्कार्ट के आते ही बैरियर खोलना पड़ गया।

संबंधित समाचार