Lucknow News: सिविल अस्पताल में खून की जांच बनी मुसीबत, 40-40 मिनट तक इंतजार से मरीज बेहाल
दो बार लाइन, एक ही कतार में महिला-पुरुष
लखनऊ, अमृत विचार : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) में खून की जांच के लिए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पहले बार कोड के लिए फिर खून का नमूना देने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ती है। अलग काउंटर न होने से महिला और पुरुष मरीजों को एक ही लाइन में लगना पड़ता है।
सिविल अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन, सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञाें समेत अन्य विभागों के डॉक्टर बड़ी संख्या में मरीजों को खून की जांच के लिए लिखते हैं। इन मरीजों को पहले बार कोड के लिए फिर खून का नमूना देने के लिए लाइन लगानी पड़ती है। लंबी कतारों में खड़े रहने से मरीजों को दर्द और अन्य शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर खाली पेट जांच कराने पहुंचने वाले मरीजों की परेशानी 30 से 40 मिनट इंतजार से अधिक बढ़ जाती है। बार कोड और खून का नमूना देने के लिए अलग काउंटर न होने से महिलाओं को पुरुष मरीजों के साथ ही लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इससे वह असहज महसूस करती हैं।
इस संबंध में सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय का कहना है कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की जाएगी।
