हेल्थ एटीएम के लिए बनेगा एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर, बोले ब्रजेश पाठक- मरीजों को मिलेगी जांच की हर सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में हेल्थ एटीएम की सेवाओं को और सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए 25 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस सेंटर के माध्यम से प्रदेशभर में स्थापित हेल्थ एटीएम की निगरानी और संचालन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि हेल्थ एटीएम से पैथोलॉजी जांच, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ब्रजेश पाठक ने बताया कि हरदोई के हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक डेंटल चेयर और डेंटल एक्स-रे मशीन की स्थापना की जाएगी। इसके लिए 5.82 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
कानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्थित बर्न यूनिट भवन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए 29.28 लाख रुपये की लागत से ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कन्नौज, बस्ती, अमरोहा, सुल्तानपुर, बलिया, बुलंदशहर और अयोध्या में स्थित पोस्टमार्टम हाउस को अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए लगभग 2.75 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
