Moradabad: घने कोहरे और शीतलहर से कांपे लोग, धूप निकलने पर मिली आंशिक राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों को परेशान कर दिया। सुबह होते ही महानगर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे, वहीं सुबह टहलने निकलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गलन इतनी तेज थी कि हाथ-पैर सुन्न पड़ गए और लोग ठिठुरते रहे।

शीतलहर के चलते सुबह घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। अलाव और हीटर का सहारा लेते हुए लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश करते रहे। ठंडी हवाओं ने बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी और बढ़ा दी। दोपहर करीब एक बजे के बाद मौसम ने करवट ली और सूर्य देव के दर्शन हुए। धूप निकलते ही लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों और चौराहों पर चहल-पहल बढ़ी और लोग धूप सेंकते नजर आए। हालांकि, धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं का असर पूरे दिन बना रहा। शीतलहर चलने के कारण कंपकंपी छूटती रही और पूरी तरह ठंड से राहत नहीं मिल सकी।

शाम ढलते ही एक बार फिर तापमान में गिरावट महसूस की गई और गलन बढ़ने लगी। सूर्यास्त के बाद ठंडी हवा ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। रात होते-होते ठंड और ज्यादा बढ़ गई। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल समेत सभी सार्वजनिक स्थलों पर लोगों ने अलाव जलाकर राहत पाने का प्रयास किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। विभाग ने अत्यधिक कोहरा छाए रहने और तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में पाला गिरने की भी आशंका है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक रूप से सुबह और देर रात घर से बाहर न निकलने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का प्रयोग करने की सलाह दी है।

संबंधित समाचार