Moradabad: लोहड़ी आज, बाजार में तिल गजक की हुई खूब खरीदारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में मंगलवार को लोहड़ी का पर्व उल्लास और परंपरागत उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सिख समुदाय के लोगों में लोहड़ी लोकपर्व को लेकर उत्सुकता रही। एक दिन पहले सोमवार को बाजारों में रौनक रही और बुध बाजार, ताड़ीखाना, मंडी चौक, बाजार गंज आदि बाजारों में तिल, गजक, रेवड़ी, मूंगफली, रबड़ी और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की खरीदारी की गई।
लोहड़ी पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए लोगों ने तैयारियां की हैं। घरों की साफ-सफाई के साथ ही सजावट की जा रही है। मंगलवार की शाम खुले स्थानों पर अलाव जलाकर पारंपरिक तरीके से लोहड़ी मनाएंगे। अलाव के चारों ओर परिक्रमा करते हुए तिल, गुड़, मूंगफली और रेवड़ी अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही ढोल और बैंड-बाजों की थाप पर भांगड़ा और गिद्दा लोकनृत्य कर लोग खुशियां मनाएंगे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार देवेंद्र सिंह चावला ने बताया कि लोहड़ी का पर्व विशेष रूप से नए जोड़ों और छोटे बच्चे वाले परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। जिन परिवारों में हाल ही में विवाह हुआ है या संतान का जन्म हुआ है, वहां लोहड़ी को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। रिश्तेदार और मित्र एक-दूसरे को बधाई देते हैं और मिठाइयों का आदान-प्रदान होता है। इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना भी प्रबल होती है।
लोहड़ी की मान्यता
ज्योतिषाचार्य दीपक कृष्ण उपाध्याय के अनुसार, लोहड़ी पर्व सूर्य देव से जुड़ा हुआ है। यह पर्व मकर संक्रांति से ठीक पहले मनाया जाता है, जो सूर्य के उत्तरायण होने का संकेत देता है। धार्मिक दृष्टि से लोहड़ी अग्नि और सूर्य की उपासना का पर्व है। अग्नि में अर्पण किए गए तिल, गुड़ और अन्न समृद्धि, स्वास्थ्य और सुख-शांति के प्रतीक माने जाते हैं। यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मकता और पारिवारिक एकता को मजबूत करता है। कोठीवाल नगर, आदर्श नगर, आजाद नगर, वेब ग्रीन, गौर ग्रेसियस, कटघर, लाजपत नगर, हरपाल नगर, बुद्धिविहार, मंडी चौक, चंद्रनगर समेत अन्य कॉलोनियों में विशेष रूप से धूमधाम से लोहड़ी का पर्व मनाया जाएगा।
