अखिलेश ने मतदाता सूची में धांधली और फर्जी वोटर बनाने की साजिश का लगाया आरोप, कहा- SIR की आड़ में NRC लागू कर रही भाजपा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लोकतंत्र को अपवित्र करने का प्रयास, सपा करेगी हर स्तर पर निगरानी

लखनऊ, अमृत विचार: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एसआईआर की आड़ में एनआरसी लागू कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश है। अखिलेश ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी इस प्रयास को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

सपा प्रमुख ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि भाजपा से जुड़े लोग वोटर बनाने या काटने की प्रक्रिया में धांधली करते पकड़े गए, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए पार्टी सभी बूथ प्रभारियों को एफआईआर का प्रारूप भेज रही है, ताकि हर स्तर पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी गड़बड़ी को तुरंत उजागर किया जा सके।

अखिलेश यादव ने एसआईआर को सीधे तौर पर एनआरसी करार देते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से वह काम कराया जा रहा है, जो गृह मंत्रालय का था। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा चार करोड़ वोट कटने की स्वीकारोक्ति का हवाला देते हुए कहा कि यह मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का प्रमाण है। उन्होंने केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर पर भी सवाल उठाए।

सपा अध्यक्ष के अनुसार, केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में प्रदेश में 12 करोड़ 56 लाख मतदाता दर्ज हैं, जबकि राज्य की सूची में केवल ग्रामीण क्षेत्रों में ही 12 करोड़ 69 लाख मतदाता बताए जा रहे हैं। शहरी मतदाताओं को जोड़ने पर यह संख्या 17 करोड़ से अधिक हो जाती है। उन्होंने पूछा कि जब बीएलओ और अधिकारी एक ही हैं, तो आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर कैसे संभव है।

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने भाजपा पर भूमाफिया की तरह काम करने और सरकारी व गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे कराने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा से पूरी तरह ऊब चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का नामोनिशान नहीं रहेगा।

संबंधित समाचार