Bareilly : डॉ. त्रिवेणी दत्त बने मेरठ कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति
बरेली, अमृत विचार। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त को मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। राजभवन से जारी आदेश के अनुसार डॉ. दत्त की यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी होगी। नियुक्ति के बाद से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
डॉ. त्रिवेणी दत्त का करियर पशु विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में अत्यंत समृद्ध रहा है। वर्ष 2021-22 में वह आईवीआरआई के निदेशक बने थे। उनके कार्यकाल में संस्थान ने शोध और शिक्षा के क्षेत्र में कई नई उपलब्धियां हासिल कीं। लंपी डिजीज और पारवो कैनाइन वैक्सीन, रुहेलखंडी भेड़, बकरी, गाय और खच्चर की नस्लों के पंजीकरण सहित करीब एक दर्जन तकनीकों का व्यवसायीकरण उनके नेतृत्व में हुआ।
उनके पास अध्यापन, अनुसंधान और विस्तार कार्यों का लंबा अनुभव है। उन्होंने 15 वर्षों से अधिक समय अनुसंधान प्रबंधन और उच्च प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए बिताया। आईवीआरआई में संयुक्त निदेशक अकादमिक, डीन और संयुक्त निदेशक विस्तार शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं, करीब 35 साल के बाद आईवीआरआई में दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ था, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैज्ञानिकों और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इसे भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
