गोमती तट पर उत्तरायणी कौथिग का आयोजन, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे उद्घाटन
लखनऊ, अमृत विचार: पर्वतीय महापरिषद की ओर से उत्तरायणी कौथिग का आयोजन गोमती तट स्थित पं. गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में किया जाएगा। 14 जनवरी को शाम 6 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसका उद्घाटन करेंगे।
इसके पहले दोपहर 2 बजे से महानगर स्थित रामलीला मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी पर्वतीय महापरिषद का रजत जयंती वर्ष होने की वजह से इस बार 15 दिन का आयोजन होगा। इसमें 28 जनवरी तक उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है।
पर्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चन्द्र जोशी और महासचिव महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उत्तरायणी कौथिग में बागेश्वर की ज्योति भी प्रज्ज्वलित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहाड़ की आवाज नाम से पहाड़ की मातृभाषा पर विशेष कार्यक्रम किया जाएगा।
इसमें पहाड़ के विशिष्ट गीत और नृत्य देखने को मिलेंगे। महानगर रामलीला मैदान से निकलने वाली शोभायात्रा में पहाड़ी वेशभूषा में झोड़ा नृत्य करते हुए महिलाएं शामिल होंगी। हर समूह में 20 महिलाएं होंगी। शोभायात्रा में उत्तराखंड के मंदिरों और देवी-देवताओं के चित्र शामिल रहेंगे। शोभायात्रा गोमती तट स्थित कौथिग स्थल पर शाम 4 बजे तक पहुंचेगी।
25 विभूतियों को किया जाएगा सम्मानित
केएन चंदोला ने बताया कि उत्तरायणी कौथिग में साहित्य, लोक साहित्य, चिकित्सा, पत्रकारिता आदि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 25 विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। पर्वतीय महापरिषद का वार्षिक पर्वत गौरव सम्मान लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल को दिया जाएगा। इसके अलावा शहीदों को वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सम्मान दिया जाएगा।
