बरेली: कोविड वैक्सीनेशन को लेकर दिया गया प्रशिक्षण
अमृत विचार, बरेली। कोरोना संक्रमण से निजात दिलाने के लिए जिले में वैक्सीनेशन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी के अंतिम या फरवरी के पहले सप्ताह से वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। वैक्सीन के रखरखाव के लिए जिला अस्पताल की गुंबद …
अमृत विचार, बरेली। कोरोना संक्रमण से निजात दिलाने के लिए जिले में वैक्सीनेशन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी के अंतिम या फरवरी के पहले सप्ताह से वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। वैक्सीन के रखरखाव के लिए जिला अस्पताल की गुंबद वाली बिल्डिंग में कोल्ड चेन सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
वहीं, शासन के आदेशनुसार वैक्सीनेशन के लिए प्रथम चरण में चिन्हित किए गए सरकारी व निजी स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा शासन को भेजने का काम अंतिम चरण में है। इसी को लेकर शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में 15 ब्लॉकों के एमओआईसी, डब्लयूएचओ, यूनिसेफ, एड्रा के कर्मचारियों कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। ये स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में सीएचसी-पीएचसी, आशा कार्यकर्ता, एएनएम आदि को प्रशिक्षित करेंगे।
चार चरण में होगा वैक्सीनेशन
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि शासन के आदेशानुसार वैक्सीन लगाए जाने का कार्य चार चरण में होगा, इसमें पहले चरण में चिकित्सकीय कार्य से जुड़े कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर जैसे पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अफसर और कर्मचारी शामिल रहेंगे। इसके बाद को-मार्बिड (कई बीमारियों से ग्रस्त) मरीजों को और अंत में चौथे चरण में 50 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाया जाएगा।
सबसे पहले होगा स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण
कोविड वैक्सीन सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीके शुक्ल के अनुसार जिले में करीब 42 हजार स्वास्थ्य कर्मी हैं। इनमें 9727 सरकारी कर्मचारी, जबकि 490 प्राइवेट अस्पतालों के 15267 कर्मी, छह मेडिकल कॉलेज के 7086 कर्मी, 24 पैरामेडिकल कालेज के 1683 कर्मिर्यों का डाटा संग्रहित कर लिया गया है।
2 से 8 डिग्री तापमान पर रखी जाएगी वैक्सीन
कोविड वैक्सीन रखने के लिए के लिए जिला अस्पताल के सामने वाले परिसर में बने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय के सामने कोल्ड चैन सिस्टम बनाया जा रहा है। इसके लिए चार आइएलआर (आइस लाइन्ड रेफ्रिजरेटर) भी आ गए हैं। वैक्सीन को इन्हीं आइएलआर में 02 से 08 डिग्री तापमान पर रखा जाएगा।
कोविड वैक्सीन लगाए जाने की योजना में तेजी लाई जा रही है। शासन की ओर से चार आइस लाइन्ड रेफ्रिजरेटर भी आ चुके है। इन तैयारियों के अलावा कोल्ड चैन सिस्टम के लिए कमरे तैयार हो रहे हैं। चार चरण में वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले चरण की तैयार भी लगभग हो गई है। सरकारी कर्मचारियों का सौ फीसद डाटा और निजी अस्पताल का 81 फीसद कर्मचारियों का डाटा संग्रहित हो गया है। जल्द ही शेष कर्मचारियों का डाटा संग्रहित होगा। निजी अस्पतालों द्वारा डाटा न देने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कार्रवाई की जाएगी।-डा. आरएन सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
