Moradabad : साढ़े पांच करोड़ से होगा सड़क, रपटा और पुलिया निर्माण
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने शुक्रवार को शिवराज सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज दौलारी एवं अक्का डिलारी तिराहा से भूमि पूजन कर साढ़े पांच करोड़ रुपये लागत की सड़क, रपटा और पुलिया निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इस धनराशि से होने वाले कार्यों में एन.एच.24 से दलपतपुर समदी समदा मुड़िया मलूकपुर चंदनपुर ईशापुर मार्ग पर विशेष मरम्मत कार्य लागत 31.46 लाख, एन.एच.24 के किमी.-174 से दौलारी सम्पर्क मार्ग लागत 42.31 लाख, अक्का पांडे मार्ग से घोसीपुरा सम्पर्क मार्ग पर विशेष मरम्मत कार्य लागत 10.18 लाख, अक्का डिलारी से अक्का पाण्डे भोजपुर सम्पर्क मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य लागत 258.45 लाख, एन.एच.24 हरसख मझरा से ईलर रसूलाबाद सम्पर्क मार्ग पर रपटा निर्माण कार्य लागत 79.12 लाख और वीरपुर वरियार में रसीद ठेकेदार के घर से दौलरा राझेडा नदी तक संपर्क मार्ग पर पुलिया का निर्माण कार्य लागत 130.30 लाख शामिल है।
कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि मूढापांडे क्षेत्र में प्रतिवर्ष बाढ़ के कारण बहुत बड़ी आबादी प्रभावित होती है। आवागमन के रास्ते कट जाते है लोगों को 20-20 किलोमीटर घूम कर जाना पड़ता है। इसलिए आज सड़कों के साथ साथ कई जगहों पर पुलिया और रपटों के निर्माण का भी भूमि पूजन कर कार्य शुरू कराया है। सड़क गांव या शहर के विकास की पहली धुरी है। इस पर अवसर ब्लॉक प्रमुख मूढापांडे डॉ. नवदीप यादव, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सैनी, नीरज चंद्रा, मनोज तोमर, रोहित सिंह, जय सिंह, सोनू रस्तोगी सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
