Bareilly: तौकीर रजा के करीबी नफीस ने कब्जाई वक्फ संपत्ति, होगी जांच
बरेली, अमृत विचार। चश्मे की दुकान खोलकर फर्जी तरीके से डॉक्टर लिखने वाले बरेली बवाल के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी नफीस के विरुद्ध वक्फ संपत्ति कब्जाने की शिकायत कलेक्ट्रेट पहुंची है। शिकायतकर्ता और कोई नहीं बल्कि उप्र सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ से घोषित मुतावल्ली साजदा अख्तर हैं।
वक्फ बोर्ड और जिला प्रशासन से कई बार की गई शिकायत के बाद कुछ माह पहले कराई गई जांच में वक्फ संपत्ति पर अवैध रूप से निर्मित कई दुकानें मिलीं। इन दुकानों का किराया नफीस के वसूले जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटा। अब फिर वक्फ संपत्ति पर कब्जे की शिकायत की गई है। इस पर एसडीएम सदर और सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ को जांच करके कार्रवाई को कहा गया है।
पूर्व में की गई शिकायत के आधार पर सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ अंजना सिरोही ने मौके पर जाकर जांच कर डीएम को आख्या सहित पत्र लिखते हुए राजस्व टीम से वक्फ संपत्ति की राजस्व अभिलेखागार से जांच कराने की बात कही, लेकिन प्रकरण में उच्च स्तरीय जांच नहीं हुई और न ही भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया। मुतावल्ली साजदा अख्तर ने इस मामले में फिर शिकायत की है। उन्होंने शुक्रवार को जनता दर्शन में की गयी शिकायत में कहा है कि उसका नाम वक्फ बोर्ड के दफा 37 के रजिस्टर में मुतावल्ली के रूप में दर्ज है।
इसमें ग्राम परतापुर जीवन सहाय में गाटा संख्या 137 पर एक बाग है। आरोप लगाया कि नफीस और उसके बेटे ने गांव के कुछ लोगों के अवैध खोखे रखवाकर वक्फ भूमि पर कब्जा किया है और जो लोग दुकानें संचालित कर रहे हैं, उनसे अवैध रूप से किराया भी वसूल किया जा रहा है।पूर्व में सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ व एसडीएम सदर और जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई तहसील स्तर पर आते आते किसी न किसी बहाने से रुक जाती है।
वक्फ संपत्तियों पर कब्जा कर लोग माफिया किस्म के व्यक्ति फायदा उठा रहे हैं। नफीस 26 सितंबर को हुए बवाल में भी आरोपी है और अभी जेल में है, लेकिन उसका बेटा वक्फ भूमि पर कब्जा जमाए है। जिलाधिकारी से वक्फ भूमि से कब्जे को हटवाने और नफीस जैसे माफिया से वक्फ संपत्ति को खुर्द-बुर्द होने से राेकने की मांग की है। जनता दर्शन में जनसुनवाई कर रहीं उप जिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव ने इस प्रकरण में एसडीएम सदर और सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए लिखा है।
