बदायूं: फंदे पर मिला किशोर का शव, परिजनों को हत्या की आशंका
बदायूं, अमृत विचार। जरीफनगर थाना क्षेत्र में एक किशोर का शव पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया। कहा कि किशोर किसी काम से घर से गया था लेकिन फिर नहीं लौटा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।
ग्रामीणों ने थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव गनेशपुर के जंगल में पेड़ पर किशोर का शव लटका देखा। उसका गला मफलर से कसा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गांव मोहम्मदपुर कुढ़ई निवासी 15 साल के दुर्वेश के रूप में हुई। सूचना पर परिजन पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। बताया कि दुर्वेश शनिवार सुबह किसी काम से घर से निकले थे लेकिन शाम तक नहीं लौटे। परिजनों उसकी तलाश की।
गांव और रिश्तेदारी में जानकारी की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम सूचना मिली की दुर्वेश का शीशम के पेड़ पर लटका हुआ है। उसके पैर जमीन को छू रहे थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि पेड़ पर दुर्वेश के पैर जमीन से छू रहे थे। जरीफनगर के थानाध्यक्ष सुमित शर्मा ने बताया कि फंदे पर किशोर का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
