Hardoi News: चुनावी रंजिश में दबंग प्रधान पति ने साथियों संग की चाचा की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी
हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र में पंचायत चुनाव की रंजिश में एक दबंग ने रविवार को साथियों के साथ मिल कर अपने चाचा की पीट पीट कर हत्या कर दी। मामला थाना हरपालपुर के अर्जुनपुर गांव का है, दरअसल सोमेंद्र सिंह की पत्नी आरती सिंह वर्तमान ग्राम प्रधान हैं, जबकि मृतक अशोक सिंह का बेटा अरविंद सिंह आगामी प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। अरविंद ने गांव में करीब 140 फर्जी वोटों की शिकायत अधिकारियों से की थी।
शिकायत की जांच के लिए राजस्व निरीक्षक राजेश शुक्ला और लेखपाल श्यामवीर सोमवंशी के नेतृत्व में राजस्व टीम गांव पहुंची थी। जांच के दौरान आरोप है कि सोमेंद्र और उसके गुर्गों ने अरविंद के साथ खुलेआम गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता की और लेखपाल से कागजात तक छीन लिए। इसकी शिकायत करने अरविंद अपने भाई के साथ कोतवाली चला गया। पीछे घर पर अकेले मौजूद अशोक सिंह को निशाना बना लिया गया।
आरोप है कि इसी दौरान सोमेंद्र और उसके साथियों ने घर में घुसकर अशोक सिंह को लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ तबतक पीटा, जब तक उनका शरीर जवाब नहीं दे गया। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
