Bareilly : नए वोट बनवाने को बूथों पर बीस हजार फार्म भरे गए, बीएलओ ने निर्वाचक नामावलियां पढ़कर सुनाईं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा निर्वाचक नामावली को दुरुस्त कराने के लिए कराए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण के कार्यक्रम में रविवार को जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची और एएसडी सूची के मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए गए। बूथों पर बड़ी संख्या में लोग अपने वोट में नाम, पता की गलतियां लेकर पहुंचे।

साथ ही नए वोट बनवाने के लिए करीब 20 हजार फार्म भरे गए। बूथों पर फॉर्म 6 और फॉर्म 8 भरने का डाटा एकत्र किया जा रहा है। वहीं, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कई बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। तहसील सदर स्थित बीआरसी केंद्र का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, ग्राम पंचायत सचिवालय करगैना, सेवायोजन कार्यालय, तहसील सदर और जोगी नवादा स्थित पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज में हो रहे एसआईआर के संबंध में बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदाताओं ने अपने बूथों पर पहुंचकर अपनी वोटर लिस्ट में नाम और विवरण की जांच की। जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को अवगत कराया कि 1 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे नवयुवा या ऐसे अर्ह मतदाता, जिनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हुआ है, वे अपना नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए बीएलओ से निर्धारित प्रारूप-6 प्राप्त कर अपना आवेदन कर सकते हैं।

दावा-आपत्ति आगामी 6 फरवरी तक कर सकते हैं
विधानसभा निर्वाचक नामावली की अंतिम सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया गया था। सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध है, जिसे कोई भी मतदाता डाउनलोड कर देख सकता है। दावा-आपत्ति आगामी 6 फरवरी तक कर सकते हैं। नोटिस चरण और दावों, आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित की जाएगी।

मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थिति वोटों पर विशेष ध्यान दें
बरेली: डीएम अविनाश सिंह ने रविवार की देर शाम जनपद में आयोजित आलेख्य निर्वाचन नामावलियों से संबंधित प्रगति की समीक्षा विकास भवन सभागार में की। डीएम ने विधानसभा वार फॉर्म 6 के जुड़ने की समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिए कि जिस बूथ पर ज्यादा मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थिति वोट हैं, उन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक-एक बूथ की समीक्षा करें। साथ ही सभी उप जिलाधिकारी को लेखपालों को भी इस कार्य में लगाने के निर्देश दिये। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, सभी उपलजिलाधकारी, एईआरओ उपस्थित रहे।

 

संबंधित समाचार