Bareilly: कंपनी में पैसा लगाने के नाम पर 20 लाख ठगे, कन्हैया गुलाटी पर दो और FIR
बरेली, अमृत विचार। 20 लाख की ठगी के मामले में कन्हैया गुलाटी पर दो और मुकदमे बारादरी थाने में दर्ज किए गए है। पीडित ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। जिसके बाद बारादरी पुलिस ने कार्रवाई की है। निवेशकों को कुछ माह तक पैसा लगाने के बाद लाभ दिया गया। उसके बाद कंपनी ने पैसा देना बंद किया तो उन्हे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। हिम्मतपुर ताहरपुर निवासी अजय कुमार मौर्य ने बताया कि उसके पिता की मौत के बाद कर्ज निपटाने के लिए उसने अपनी जमीन 6 लाख रुपये में बेची थी।
तभी उसके मामा राहुल उर्फ रूप लाल निवासी सराय तलफी ने कहा कि वह 13 साल से कैनविज कंपनी में काम कर रहे है। उन्होने कहा कि उनकी कंपनी मूलधन का 5 प्रतिशत लोन देती है। मैंने भी कंपनी में जुड़कर अपना सारा कर्जा निकाल दिया है। अब हर माह वह लाखों रुपये कमा रहे है। उसका पैसा भी वह कंपनी में 5 प्रतिशत के लाभ पर लगवा दूंगा। मामा के कहने पर उसने 1 लाख रुपये पहली बार में दे दिए। उसके बाद उसे डीडीपुरम स्थित कैनविज के आफिस में ले जाया गया।
जहां पर उसकी मुलाकात जगत पाल सिंह मौर्य और उसके बेटे दर्शन लाल मौर्य से कराई गई। उन्होने बताया कि अगर वह अपने नीचे परिवार या अन्य लोगों को जोड़ेंगे तो 2 प्रतिशत अलग से लाभ मिलेगा। जिसके बाद उसने अपनी मां के 25 हजार, बड़ी बहन के एक लाख रुपये मिलाकर कुल 3 लाख रुपये नकद दे दिए। उसके बाद अन्य मिलने वाले और रिश्तेदारों के 16 लाख रुपये समेत कुल 19 लाख रुपये लगवा दिए। कुछ माह तक सभी के खाते में पैसे आए।
लेकिन बाद में कंपनी ने पैसा देना बंद कर दिया। वही जमीन के बाकी बचे हुए ढाई लाख रुपये जमा कराकर एक कार लोन पर दिलवा दी। गाड़ी की चार माह से किश्त टूट जाने के बाद लोन और गाड़ी के पैसे मांग लिए। पीड़ित ने कंपनी और उसके कर्मचारियों से पीड़ित होकर खुदखुशी करने का फैसला किया। लेकिन लोगों ने किसी तरह से उसे समझाया। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी, जगतपाल सिंह मौर्य, रुपलाल उर्फ राहुल मौर्य, उर्मिला, होमगार्ड नरेश मौर्य, पुष्पेन्द्र उर्फ सोनू चन्द्र, दर्शनलाल मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वेटर को बड़े सपने दिखाकर 50 हजार ठगे
बारादरी थाना क्षेत्र के संजयनगर निवासी शिवकुमार ने बताया कि वह सिटी स्टेशन रोड स्थित एक होटल में वेटर का काम करता है। होटल में कैनविज कंपनी के लोग रोजाना आते थे। जिससे उसकी जान पहचान कंपनी के लोगों से हो गई। उन्होने उसे बड़े बड़े सपने दिखाकर कंपनी में पैसा लगाने को कहा। जिसके बाद उसने 50 हजार रुपये कंपनी में लगा दिए। उसके बाद तीन माह तक उसके खाते में 2375 रुपये आए। लेकिन बाद में पैसे आना बंद हो गए। उसके बाद उसने कंपनी के लोगों को फोन किया तो सभी के फोन बंद आने लगे। जिसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत के बाद एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी, जगतपाल सिंह मौर्य, होमगार्ड नरेश मौर्य, परवेश मिश्रा होमगार्ड, ज्योति मिश्रा, पुष्पेन्द्र उर्फ सोनू चन्द्र, सत्यप्रकाश, राहुल मौर्य उर्फ रुपलाल, ओपी मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
