Bareilly: नाथ कॉरीडोर...नौ महीने में नहीं तैयार हुई एक भी फोकस वॉल
बरेली, अमृत विचार। पर्यटन विभाग नाथ नगरी को सुंदर बनाने के लिए 19 स्थानों पर बनने वाली 20 फोकस वॉलों में से एक को भी पूरा नहीं करा सका है। नौ महीने का समय बीतने के बावजूद छह स्थानों का चयन ही नहीं किया जा सका है। अभी सिर्फ 13 फोकस वॉलों का निर्माण चल रहा है, जबकि एक फोकस वॉल का काम शुरू होना बाकी है। अधिकारी फोकस वॉल निर्माण के लिए 6 स्थानों के चयन को भटक रहे हैं। कई स्थान बदलने के बावजूद भी अभी तक जगह का निर्धारण नहीं कर सके हैं।
पर्यटन विभाग नाथ कॉरीडोर में भगवान शंकर के प्रतीक चिन्हों को उकेरते हुए 19 स्थानों पर 20 फोकस वॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था। इसके लिए 4.97 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी थी। करीब 2.45 करोड़ रुपये अवमुक्त भी कर दिए गए। फोकस वॉल निर्माण का कार्य 25 अप्रैल 2025 से शुरू करा दिया गया। कार्यदायी संस्था को 24 अक्टूबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने का समय दिया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम सभी स्थानों के फोकस वॉल कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चुका है। विभाग नौ महीने बीतने पर भी अभी तक एक भी फोकस वॉल का कार्य पूर्ण नहीं कर सका है। 12 स्थानों पर 13 फोकस वॉल निर्माणाधीन हैं, जबकि एक स्थान पर अभी काम शुरू नहीं हो पाया है।
वहीं प्रशासन 6 स्थानों को चयनित नहीं कर पा रहा है। पूर्व में चयनित सभी 6 स्थलों इन्वर्टिस तिराहा बड़ा बाईपास, रेलवे स्टेशन, मिनी बाईपास इज्जतनगर रेलवे स्टेशन, झुमका तिराहा बड़ा बाईपास, पर्यटन कार्यालय रोहिला होटल वॉल, नियर एयरपोर्ट मयूर वन चेतना केंद्र पर फोकस वॉल बनाने की सहमति नहीं बन सकी है। इन छह फोकस वॉलों के लिए नए स्थानों का चयन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गयी है। जिला पर्यटन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि फोकस वॉल का काम लगातार जारी है। कुछ स्थलों को परिवर्तित किया गया है। नये स्थानों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गयी है। निर्देश मिलते ही वहां भी कार्य शुरू करा दिया जायेगा।
