Bahraich News : दो हत्याओं की घटना की जांच करेगा सपा का प्रतिनिधिमंडल, अखिलेश यादव ने गठित की टीम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में बीते दिनों हुई दो हत्याओं की वारदातों को गंभीरता से लेते हुये समाजवादी पार्टी ने स्थलीय जांच का निर्णय लिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 21 जनवरी को बहराइच पहुंच कर पयागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई दोनों हत्याओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेगा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देगा। 

पहली घटना नगर पंचायत पयागपुर के वार्ड संख्या 11 कटहरीबाग कोटबाजार की है, जहां 13 जनवरी की रात खेत की रखवाली के दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदेव यादव (48) की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। जगदेव यादव सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति थे और वर्तमान सभासद विष्णु यादव के पिता थे। 

दूसरी घटना थाना पयागपुर क्षेत्र के ग्राम निबिहा की है, जहां 23 दिसम्बर की रात बहराइच गोंडा राजमार्ग पर शिवासिंह पुरवा के पास ननके यादव की हत्या कर उनका शव सड़क पर फेंक दिया गया था। समाजवादी पार्टी का कहना है कि दोनों हत्याएं कानून-व्यवस्था की विफलता का स्पष्ट प्रमाण हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार यदि समय रहते प्रशासन ने सतर्कता बरती होती और अपराधियों पर सख्ती की गई होती, तो इन घटनाओं को रोका जा सकता था। 

प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव, विधायक आनंद यादव, विधायक मारिया शाह, पूर्व मंत्री यासर शाह, पूर्व सांसद सावित्री बाई फूले, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी भगत राम मिश्रा, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, पूर्व विधायक के.के. ओझा, पूर्व एमएलसी हाजी इमलाक खां, नगर पालिका परिषद पयागपुर के चेयरमैन विपिन कुमार श्रीवास्तव तथा समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राम सुरेश यादव शामिल हैं। 

संबंधित समाचार