बाराबंकी : सीएनजी टैंकर में गैस रिसाव से मचा हड़कंप
सफदरगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में दादरा चौराहे के पास सोमवार को अफरा-तफरी मच गई। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सीएनजी गैस से भरे एक टैंकर में अचानक गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। गैस की गंध फैलते ही चालक सहित आसपास से गुजर रहे राहगीरों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और टैंकर को तुरंत हाईवे से हटाकर सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया।
राहगीरों की सूचना पर सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन यातायात को डायवर्ट कर दिया। इस दौरान दादरा कट से वाहनों को वन-वे निकालते हुए करीब 40 मिनट तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बताया जा रहा है कि यह टैंकर बाराबंकी स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड से रामसनेहीघाट की ओर सीएनजी गैस लेकर जा रहा था। टैंकर में लगी गैस पाइप में रिसाव हो गया था।
चालक ने कंपनी की यूनिट से संपर्क कर तकनीकी जानकारी ली और हिम्मत दिखाते हुए एक वाल्व को बंद किया, जिससे गैस का रिसाव पूरी तरह रुक गया। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया। गनीमत रही कि समय रहते रिसाव पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
