यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की तय होगी डेडलाइन... राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी समेत दोनों उपमुख्यमंत्री
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन और चुनाव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत यूपी के सभी प्रस्तावक भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष नेता यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की डेडलाइन तय कर सकते हैं, साथ ही गृह मंत्री अमित शाह का उप्र दिवस में आने का कार्यक्रम भी तय होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी तस्वीर साफ हो सकती है। माना जा रहा है कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार की डेडलाइन जल्द तय की जाएगी।
संगठन और सरकार के तालमेल का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्रियों की दिल्ली यात्रा को पार्टी संगठन और प्रदेश सरकार के बीच मजबूत तालमेल के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। नामांकन के बाद शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। कुल मिलाकर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के साथ ही प्रदेश की राजनीति में भी आने वाले दिनों में बड़े फैसलों की भूमिका तैयार होती नजर आ रही है।
