लखनऊ मंडल में विकास की रफ्तार: अयोध्या मार्ग, शहीद पथ और दुबग्गा मार्ग के लिए जल्द बनेगी मजबूत कार्ययोजना, मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग द्वारा लखनऊ मण्डल में कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा मंगलवार को आयुक्त सभागार में हुई। उन्होंने सड़कों, सेतुओं, मरम्मत कार्यों, अनुबन्ध गठन, हेलीपैड निर्माण तथा यातायात से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने अयोध्या मार्ग, अमर शहीद पथ एवं दुबग्गा मार्ग से सम्बन्धित यातायात समस्याओं के निराकरण के लिए यातायात, पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडल में जनपद, तहसील एवं विकास खण्ड मुख्यालयों पर 99 स्थलों पर हेलीपैड निर्माण प्रस्तावित हैं। उन्होंने जनपद स्तर पर राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर स्थल चयन करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में पाया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नव निर्माण, नवीनीकरण, विशेष मरम्मत एवं सेतु निर्माण से सम्बन्धित लखनऊ मण्डल में स्वीकृत 1086 कार्यों के सापेक्ष अब तक 600 के अनुबन्ध हो चुके हैं। चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के तहत लखनऊ मण्डल में स्वीकृत 34 में से 31 कार्य पूरे हो चुके हैं, 3 प्रगति पर हैं। नव निर्माण के तहत स्वीकृत 122 में से 117 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 5 कार्य प्रगति पर हैं। नवीनीकरण एवं विशेष मरम्मत योजना के तहत स्वीकृत सभी 109 कार्य पूर्ण हो गये हैं। जिस पर मण्डलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों की सराहना की। लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित लखनऊ मण्डल में स्वीकृत 22 सेतुओं में से 20 का निर्माण पूरा हो चुका है, दो सेतु प्रगति पर हैं। सेतु निगम से सम्बन्धित लखनऊ मण्डल में स्वीकृत 35 में से 9 सेतु का कार्य पूरा हो चुका है शेष कार्य प्रगति पर हैं।
