लखनऊ में महिलाओं की नई उड़ान... ‘वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म’ का यूपी चैप्टर लॉन्च

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए लखनऊ में वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म का उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर शुरू किया गया। नीति आयोग की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य महिला उद्यमियों के लिए एक मजबूत और एकीकृत मंच तैयार करना है, जिससे उन्हें व्यवसाय के विस्तार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, संसाधन और नेटवर्किंग उपलब्ध हो सके।

प्रसिद्ध महिला उद्यमी और समृद्धि क्रिएशन की संस्थापक सुष्मिता दत्ता ने यूपी स्टेट चैप्टर का उद्घाटन किया। गोमती नगर के विभूति खंड स्थित रोहतास समिट बिल्डिंग में यूपी इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड के अंतर्गत इस स्टेट चैप्टर का कार्यालय स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश की महिला उद्यमियों को मेंटरशिप, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव, नियामकीय सहयोग और नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे अपने उद्यम को मजबूत कर सकें।

नीति आयोग की वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म पहल देशभर में महिला उद्यमियों के लिए एक व्यापक इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके जरिए स्टार्टअप और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। राज्य सरकार की औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं ने प्रदेश में महिला उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। ऐसे में लखनऊ में स्टेट चैप्टर स्थापित होना प्रदेश की महिला उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

संबंधित समाचार