अम्बेडकरनगर : आंगनबाड़ी केंद्रो पर संचालित योजनाओं की समीक्षा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अम्बेडकरनगर। अनुपम शुक्ला ने समेकित बाल विकास सेवा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पोषण वाटिका निर्माण, वॉल पेंटिंग तथा रेनवाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिन विकास खंडों में कार्यों की प्रगति धीमी पाई गई, वहां के संबंधित सीडीपीओ, खंड विकास अधिकारियों तथा अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित कार्यों को चार दिन के भीतर पूर्ण कराने को कहा। 

कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर अकबरपुर के सीडीपीओ को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों तथा लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। 

उन्होंने मनरेगा और अन्य योजनाओं के तहत संचालित भूजल संरक्षण से जुड़े कार्यों को कैच द रेन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने मनरेगा के अंतर्गत लंबित कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। 

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर जनपद में राशन कार्ड के लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कराने को कहा। जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम सूची से हटाने तथा पात्र परिवारों को राशन कार्ड योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोटेदारों के माध्यम से जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, उनका फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करने को कहा। 

उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी का कार्य गंभीरता से करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, क्योंकि इसका प्रभाव मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग पर भी पड़ता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक तथा संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार