बरेली: छात्र नेता की गुंडई से नाराज शिक्षकों ने प्राचार्य का घेराव किया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एलएलबी परीक्षा में नकल के साथ पकड़े गए छात्र नेता की गुंडई से शिक्षक नाराज हैं। शुक्रवार को शिक्षकों ने इस संबंध में प्राचार्य का घेराव कर मामले की शिकायत की। शिक्षकों ने ऐसे हालातों में परीक्षा न कराने की भी चेतावनी दी। इस पर प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने शिक्षकों का …

बरेली, अमृत विचार। एलएलबी परीक्षा में नकल के साथ पकड़े गए छात्र नेता की गुंडई से शिक्षक नाराज हैं। शुक्रवार को शिक्षकों ने इस संबंध में प्राचार्य का घेराव कर मामले की शिकायत की। शिक्षकों ने ऐसे हालातों में परीक्षा न कराने की भी चेतावनी दी। इस पर प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने शिक्षकों का आश्वासन दिया कि नियम के तहत नकल करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को बरेली कॉलेज में विधि की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई और कोई भी नकल सामग्री नहीं पकड़ी गई। इसकी वजह रही कि बरेली कॉलेज में शुक्रवार को सिर्फ दूसरे कॉलेज के बीए एलएलबी के करीब 150 छात्रों की ही परीक्षा थी। प्राचार्य ने बरेली कॉलेज के एलएलबी के छात्रों का सीटिंग प्लान फिर से बदलने की बात कही है। बरेली कॉलेज के छात्रों के परीक्षा कक्ष ऊपरी मंजिल से हटाकर नीचे किए जाएंगे।

बता दें कि एलएलबी की परीक्षाएं 16 दिसंबर से 17 केंद्रों में आयोजित हो रही हैं। बरेली कॉलेज में पहले दिन से ही नकल पकड़ी जा रही है। पहले दिन दो परीक्षार्थिर्यों को परीक्षा शुरू होने से पहले ही मॉडल पेपर के साथ पकड़ा गया था। पहले दिन भी छात्र नेता बिना मास्क के परीक्षा देने पहुंचे थे। दूसरे दिन सचल दल ने छात्र नेता समेत दो परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ लिया था।

छात्र नेता ने पहले तो सीटिंग प्लान को लेकर चीफ प्रॉक्टर से नोकझोंक की थी। उसके बाद जब उसके पास नकल पकड़ी गई तो उसने हंगामा किया था। बताया जा रहा है कि उसने यूएफएम फार्म भी फाड़ दिया था। उसने शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया था। इसी से शिक्षक नाराज थे। शुक्रवार को शिक्षकों ने परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद प्राचार्य का घेराव कर लिया। शिक्षकों का कहना है कि इस तरह का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे।

विश्वविद्यालय ने नहीं बनाया सचल दल
एलएलबी की परीक्षा में प्रत्येक वर्ष नकल होती है। नकल को लेकर जमकर हंगामा भी होता है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से इस बार कोई भी सचल दल नहीं बनाया गया है। सिर्फ महाविद्यालयों के सचल दल ही चेकिंग कर रहे हैं। बरेली कॉलेज में स्वकेंद्र बना है। इसकी वजह से विभाग के शिक्षक चेकिंग से दूरी ही बना रहे हैं। दूसरे शिक्षक चेकिंग कर रहे हैं तो छात्र नेता उनसे उलझ जा रहे हैं। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार का कहना है कि महाविद्यालयों में सचल दल बनाए गए हैं। नकल पकड़े जाने के मामले सामने आए हैं। जल्द ही विश्वविद्यालय स्तर पर भी सचल दल बनाया जाएगा।

संबंधित समाचार