कृषि विकास और किसानों की बेहतरी प्राथमिकता : राही
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। कृषि विज्ञान केंद्र हैदरगढ़ की ओर से गुरुवार को दौलतपुर के प्रगतिशील किसान अमरेंद्र प्रताप सिंह रुद्र के खेत में किसान गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, मोटे अनाज की खेती, दलहन व तिलहन की उत्पादन तकनीक और आय बढ़ाने के उपाय बताए गए।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सुरेश राही ने संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विकास और किसानों की बेहतरी प्राथमिकता। सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिये कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अब कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है।
कृषि वैज्ञानिक डा. अश्वनी सिंह ने बताया कि फसल अवशेष जलाने से पोषक तत्व नष्ट होते हैं और पर्यावरण व स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है। डा. भास्कर प्रताप सिंह ने दलहन व तिलहन की बोआई के सही तरीके सुझाए, जबकि डा. रूपन रघुवंशी ने मोटे अनाज की खेती और इसके लाभ पर बल दिया।
डा. मानवेंद्र बहादुर सिंह ने धान और गेहूं के साथ अन्य फसलों की पैदावार को बढ़ाने पर जोर दिया। पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा और एमएलसी अंगद सिंह ने किसानों को आय बढ़ाने के नए तरीके अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुष्पेंद्र मिश्रा, रोली शुक्ला, सर्वजीत सिंह समेत अन्य किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अमरेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और उत्पादित सब्जियों की टोकरी देकर स्वागत किया। अरूण सिंह, राहुल सिंह, मुकंद सिंह और राजेश सिंह भी उपस्थित रहे।
