बलरामपुर : डीसीएम–ई रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत, खंभा टूटा, दो की मौत, तीन घायल
बलरामपुर, अमृत विचार। जनपद के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पिपरा–जैतापुर मार्ग पर बिशुनपुर चौराहा के पास रात करीब 10:30 बजे सामने से आ रही डीसीएम और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान बभूति पुत्र अलगू चौहान (45) और कंचन पत्नी कमलेश (35) के रूप में हुई है। सभी घायल व मृतक गागापुर, थाना त्रिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी बताए जा रहे हैं, जो बलरामपुर से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं डीसीएम सिद्धार्थनगर की ओर से बलरामपुर आ रही थी।
टक्कर के बाद सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। ई-रिक्शा पलट गई और डीसीएम भी दूसरी ओर जाकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर गौरा चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
गंभीर रूप से घायल भानमती, उर्मिला व बरकत अली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि यातायात बहाल कर दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
