IIT Kanpur : आईआईटी कानपुर के छात्रों ने दिखाया खेल कौशल, राष्ट्रीय पैरा खेल महोत्सव में किया शानदार प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के दिव्यांग प्रकोष्ठ (सीडीएपी) ने राष्ट्रीय पैरा खेल महोत्सव ‘संगम 2026’ में शानदार प्रदर्शन किया है। आईआईटी दिल्ली में आयोजित हुई प्रतियोगिता में संस्थान के छात्रों ने विभिन्न खेलों में शिरकत कर खेल कौशल दिखाया। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए 350 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। 

संस्थान की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता में आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी हैदराबाद, आईआईटी मद्रास, आईआईटी रुड़की, आईआईटी गांधीनगर, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी कानपुर, इग्नू और दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के खिलाड़ी शामिल हुए। क्रिकेट प्रतियोगिता में आईआईटी कानपुर की टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

इस दौरान अब्दुल अनस बेग को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच  घोषित किया गया, जबकि टीम का नेतृत्व आयुष प्रियदर्शी ने कप्तान के रूप में किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी आईआईटी कानपुर के खिलाड़ियों ने श्रेणी 1  में गौरव स्वर्णकार ने स्वर्ण पदक और आदित्य प्रकाश ने रजत पदक जीता।

श्रेणी 2 में अमन कुमार ने स्वर्ण पदक तथा मुन्ना कुमार ने रजत पदक प्राप्त किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में श्रेणी 1 में दक्ष पंवार, श्रेणी 2 में अब्दुल अनस बेग और श्रेणी 3 में वुप्पुलम प्रज्वल ने रजत पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया।

संबंधित समाचार