Moradabad: उत्तर प्रदेश दिवस पर उत्कृष्ट करने वालों को किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

अमरोहा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री केपी मलिक, डीएम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसान, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं लाभार्थियों को सम्मानित किया है। दिव्यांगों को ट्राई साईकिल का वितरण भी किया गया।

शनिवार को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत की थीम पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी ली। दिव्यांगों को ट्राई साईकिल का वितरण कर हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। प्रभारी मंत्री केपी मलिक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसानों, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं बच्चों और मिलेट्स रेसिपी में अहम योगदान देने वाले लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर शॉल ओढाकर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमें ऐसे प्रदेश में जन्म लिया जिसकी राजनीतिक, भौगोलिक व धार्मिक स्थिति अपना अलग महत्व रखती है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन गया है। कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान देश में भी नहीं, बल्कि विदेशों में भी बहुत अच्छी है। सरकार नौजवानों को रोजगार देने का कार्य कर रही है और जो भी योजनाएं चल रही है उनका लाभ आम आदमी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा। कहा कि हमारी सरकार बिना भेदभाव के सबको समान समझते हुए विकास कार्य कर रही है।

शिक्षक विधायक हरि सिंह ढिल्लों ने कहा कि हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाना है और प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन करना है और विकसित भारत बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देना है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया। कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का आगे बढ़ाने और पात्र व्यक्तियों को लाभ प्राप्त कराने में और प्रयत्न करेंगे जिससे कि हमारा जनपद प्रथम स्थान पर आए। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, जिला महामंत्री भाजपा अभिनव कौशिक, ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, पूर्व विधायक हरपाल सिंह, शुभम चौधरी, उपनिदेशक कृषि डॉ. रामप्रवेश सहित आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार