अखिलेश का BJP पर वार: कहा- मतदाता सूची में हुआ फर्जीवाड़ा, PDA के वोट काट रही सरकार...
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अधिकारियों से मिलकर मतदाता सूची में घपले और घोटाले कर रही है। फर्जी वोट जुड़वा रही है। पीडीए का वोट कटवा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भी निष्पक्ष नहीं है। अगर संवैधानिक संस्था ही निष्पक्ष कार्य नहीं करेगी तो कौन उन पर भरोसा करेगा। भाजपा सरकार अपनी मनमर्जी से काम करा रही है।
सपा प्रमुख शनिवार को पार्टी मुख्यालय में एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में आ रही खामियों को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आधार कर्ड को मतदाता सूची से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ दिया जाये। इससे मतदाता सूची की गड़बड़ी और फर्जीवाड़ा बंद हो जायेगा।
कन्नौज विधानसभा में 200 से अधिक फर्जी और डबल वोटरों की सूची दिखाते हुए कहा कि मतदाता सूचियों में एक ही नाम के दो-दो वोट है। चुनाव आयोग से सपा को कोई तकनीकी सपोर्ट नहीं मिल रहा है। मैनुअल तरीके से हम कितना फर्जी वोट ढूढेंगे। चुनाव आयोग हमारी मदद करें।
सपा प्रमुख ने कहा कि मैपिंग में एरर के नाम पर 2 करोड़ 22 लाख मतदाताओं को नोटिस दी जा रही है। कुल मिलाकर 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजी जा रही है। सुनवाई कब होगी कैसे होगी, इसकी भी जानकारी बीएलए को नहीं दी जा रही है।
जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम तक नहीं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम तक नहीं है, गिनेंगे क्या। जातिगत जनगणना भी भाजपा का जुमला है। भाजपा का सीधा फार्मूला है, न गिनती होगी, न आनुपातिक आरक्षण-अधिकार देने का जनसांख्यिकीय आधार बनेगा। जातिगत जनगणना न करना पीडीए समाज के खिलाफ भाजपाई साजिश है।
सपा प्रमुख ने शनिवार को कहा कि आज भाजपा पर भरोसा करने वाले अपने को ठगा हुआ ही नहीं, बल्कि घोर अपमानित भी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए को अपने मान-सम्मान, आरक्षण और अधिकार की लड़ाई ख़ुद लड़नी होगी।
पीडीए सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे
सपा मुख्यालय में समेत विभिन्न जिलों में भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती मनाई गई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए की लड़ाई को मजबूत करने के लिए हम सबने यह संकल्प लिया है कि कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उत्तर प्रदेश में पीडीए सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे।
पहली रोटी गाय को दी जाती है
अखिलेश यादव ने कहा कि हमें गायों से बहुत लगाव है। हमारे पास 30 से ज्यादा गाय हैं। हर गायों की सेवा होती है। हमारे यहां पहली रोटी गाय को दी जाती है। हमारे पास और समाजवादियों के पास जितनी गाय हैं, भाजपाइयों में किसी के पास उतनी गाय नहीं होंगी।
