Moradabad: यूपी बोर्ड परीक्षा...नकल पर लगेगा एआई का पहरा, संदिग्ध हरकत पर बजेगा अलार्म
मुरादाबाद, अमृत विचार। 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार एआई तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जिले में बनाए गए 112 परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को एआई फीचर से लैस किया जाएगा। ये कैमरे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे। यदि किसी परीक्षार्थी की हरकत संदिग्ध पाई जाती है तो सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा और कंट्रोल रूम में ऑटोमेटिक अलार्म बज उठेगा। अलार्म बजते ही सूचना एक साथ यूपी बोर्ड के मुख्य कंट्रोल रूम, क्षेत्रीय कार्यालय और जिला स्तर के कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी।
इस व्यवस्था से किसी भी गड़बड़ी पर बिना समय गंवाए संबंधित अधिकारियों को जानकारी मिल सकेगी। केंद्रों के कैमरे आईडी और पासवर्ड के माध्यम से सीधे बोर्ड के कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे, जिससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ की संभावना नहीं रहेगी।
अलर्ट मोड पर रहेगी तकनीकी टीम
निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तीन स्तरों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इन कंट्रोल रूम से सीसीटीवी फीड, नेटवर्क की स्थिति और तकनीकी डाटा की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। तकनीकी टीम भी हर समय अलर्ट मोड में रहेगी, ताकि किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर तुरंत समाधान किया जा सके। डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि एआई फीचर से परीक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से परीक्षाएं नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सकेंगी।
