UP News: 31 जनवरी को बूथों पर फिर से प्रदर्शित होगी मतदाता सूची, जानें पूरी Details
लखनऊ, अमृत विचार : राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 31 जनवरी (शनिवार) को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) अपने बूथों पर आलेख्य मतदाता सूची पुनः प्रदर्शित करेंगे। इस सूची में वे मतदाता शामिल होंगे, जिनका नाम मृतक, अनुपस्थित, दोहरी प्रविष्टि, स्थानांतरित या गणना प्रपत्र न भरने के कारण सूची में नहीं था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ पर जाकर 6 जनवरी को प्रकाशित सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो घोषणा पत्र के साथ फॉर्म 6 भरकर अपने बीएलओ को जमा करें या ECINET / voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करें। मतदाता सूची में त्रुटि सुधारने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। नवदीप रिणवा ने कहा कि जिन युवाओं की 1 जनवरी, 2026 को आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे भी फॉर्म-6 भरकर सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न हटे, ताकि लोकतंत्र में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो।
