Ayodhya News: अयोध्या जेल की दीवार फांद दो बंदी फरार, जेल अधीक्षक समेत सात निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

-विशेष बैरक में निरुद्ध थे दोनों, रोशनदान की ईंट निकालकर पहुंचे जेल की दीवार तक

अयोध्या, अमृत विचार : जिला कारागार की सुरक्षा में सेंध लगाकर विशेष बैरक में निरुद्ध दो बंदी दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जनपद में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। मामले में डीजी जेल पीसी मीणा ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव और डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी समेत एक हेड वार्डर और तीन वार्डर को निलंबित कर दिया है।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह छह बजे तब हुई, जब बंदियों व कैदियों की गिनती की जा रही थी। इस दौरान विशेष बैरक नंबर एक की कोठरी नंबर चार में एक साथ बंद शेर अली निवासी अमेरमऊ थाना करौंदी कला जिला सुल्तानपुर व गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज निवासी मुसाफिरखाना थाना मुसाफिरखाना जिला अमेठी लापता मिले। जब उनके बैरक की जांच की गई तो उसका रोशनदान टूटा मिला। उसमें से 15-20 ईंटे निकली हुई थीं। पता चला कि दोनों बंदी इसमें से निकलकर जेल की दीवार तक गए व बाहर लगा इमली का एक सूखा पेड़, जिसकी डाल जेल के अंदर तक आई थी, उस पर कंबल व मफलर की रस्सी बनाकर उसके सहारे बाहर निकल गए। जांच के दौरान जेल की दीवार के बाहर कंबल की रस्सी व पेड़ पर भी इसका एक टुकड़ा मिला। मौके पर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉयड की टीम ने जांच की। जेल के बाहर जमीन पर कूदने के निशान भी मिले। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूपी मिश्र, जेलर, डिप्टी जेलर ने जेल की तलाशी ली व कैदियों व बंदियों से पूछताछ की। भागने वाले स्थान पर हरियाली व अंधेरा होने के कारण सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ हासिल नहीं हुआ। घटना की सूचना पर डीआईजी जेल एके मैत्रेय, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला कारागार पहुंचे व जांच की। एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि फरार बंदियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

लापरवाही स्वीकारी, संबल, सरिया व बांस बरामद

डीआईजी जेल ने जेल प्रशासन की भारी लापरवाही को स्वीकार किया। बताया कि दोनों बंदी रोशनदान की ईंट निकालकर कंबल व मफलर की रस्सी के सहारे जेल की दीवार कूदकर फरार हुए हैं। मौके से एक संबल, सरिया, बांस बरामद हुआ है। निलंबित किए गए सातों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। बंदी शेर अली हत्या के एक मामले में दो साल व गोलू पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज एक मुकदमे मेंं जिला कारागार में निरुद्ध थे। कोतवाली नगर में केस भी दर्ज कराया गया है।

संबंधित समाचार