Raebareli News: खड़े डंपर में घुसा ट्रक, होमगार्ड की मौत...चालक का पैर कटा
रायबरेली, अमृत विचार। लालगंज थाना क्षेत्र में कोहरे की वजह से खड़े डंपर में ट्रक घुस गया, जिससे ट्रक पर सवार होमगार्ड की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं ट्रक ड्राइवर का पैर कट गया है जबकि क्लीनर के सिर में चोट लग गई है।
बताया जा रहा है कि बिहार से कोयला लादकर आ रहा ट्रक ड्राइवर उस समय एक डंपर से सीधे टकरा गया जब टायर फटने के चलते ड्राइवर ने गाडी को अपनी कोशिश भर सड़क के किनारे कर दिया था। मामला लालगंज थाना इलाके के बहाई कस्बे के पास का है।
बताया जा रहा है कि सुबह कोहरा होने के चलते ट्रक ड्राइवर डंपर को देख नहीं सका और सीधे उससे टकरा गया। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि ट्रक पर सवार ड्यूटी ख़त्म करके आ रहे खीरों निवासी होमगार्ड रामनाथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल रवाना कर दिया है। वहीं पुलिस ने होमगार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
