विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट : पंकज चौधरी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट बताते हुए अभिनंदन और आभार व्यक्त किया है।

रविवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने, युवाओं को दक्ष बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक सिद्ध होगा। लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने पर वित्त मंत्री को बधाई देते हुए उन्होंने इसे नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल बताया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट पं. दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन को साकार करते हुए गरीब, मध्यमवर्ग, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान की मजबूत कड़ी है। आम बजट 2026-27 में दिल्ली-वाराणसी तथा वाराणसी-सिलीगुड़ी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को उन्होंने आधुनिक अवसंरचना और भरोसेमंद कनेक्टिविटी का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को नई उड़ान, युवाओं को रोजगार और ईज आफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा तथा पाँच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ का प्रस्ताव भी अहम है।

चौधरी ने कहा कि कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन को सशक्त करने के प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देंगे। आयुष सेक्टर में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, फार्मेसी व औषधि परीक्षण लैब का उन्नयन तथा जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को मजबूत किया जाएगा।

साथ ही बायोफार्मा शक्ति योजना, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के तहत बढ़ा परिव्यय आत्मनिर्भर भारत को नई ताकत देगा। पंकज चौधरी ने कहा कि यह बजट खर्च नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार और स्थायी विकास की सोच को प्रतिबिंबित करता है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर, सशक्त व समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

संबंधित समाचार