Under-19 World Cup : सेमीफाइनल में शान से पहुंचा भारत, पाकिस्तान को बुरी तरह से रौंदा
बुलावायो। वेदांत त्रिवेदी (68) की अर्धशतकीय पारी और निचलेक्रम के बल्लेबाजों की जुझारू पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अंडर-19 विश्वकप के 36वें मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को जीत के लिए 253 रनों का लक्ष्य दिया।
पाकिस्तान 33.3 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच सकता था। जिसमें वह विफल रहा। भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 के स्कोर पर समेट कर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने समीर मिन्हास (नौ) का विकेट गंवा दिया। खिलन पटेल ने मिन्हास को पगबाधा आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद उस्मान खान और हम्जा जहूर ने पारी को संभाला और 88 के स्कोर तक ले गये। 17वें ओवर में आयुष म्हात्र ने उस्मान खान (66) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान फरहान यूसफ ने मोर्चा संभाला।दोनों बल्लेबाज टीम के स्कोर को 151 तक ले गये। पाकिस्तान 35.3 ओवरों तक पांच विकेट पर 168 रन ही बना सका।
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण से जूझ रहे पाकिस्तानी बल्लेबाजों के धीमी प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान टीम 33.3 ओवर में मैच जीतने में विफल रही। इसके बाद पाकिस्तान ने मात्र 26 रन जोड़कर अपने पांच विकेट गंवा दिये। कप्तान फरहान यूसफ 38 और हुजैफा एहसान (14) रन बनाकर आउट हुये। पाकिस्तान के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
भारत की ओर से खिलन पटेल और आयुष म्हात्रे ने तीन-तीन विकेट लिये। अम्ब्रिश , हेनिल पटेल, कनिष्क चौहान और विहान मल्होत्रा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी ऐरन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। आठवें ओवर में मोहम्मद सय्याम ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई।
वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 30 रनों की पारी खेली। सय्याम ने इस ओवर में कप्तान आयुष म्हात्रे (शून्य) का भी शिकार कर लिया। अगले ही ओवर की पहली गेंद पर अब्दुल सुभान ने ऐरन जॉर्ज (16) को आउटकर भारत को संकट में डाल दिया। 47 के स्कोर पर एक साथ तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी भारतीय टीम को वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट लिए 62 रन जोड़े।
24वें ओवर में अहमद हुसैन ने विहान मल्होत्रा (21) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अभिज्ञान कुंडु (16) रन बनाकर आउट हुये। 41वें ओवर में मोमिन कमर ने वेदांत त्रिवेदी को आउटकर भारत को छठा झटका दिया। वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों में दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 68 रन बनाये। सातवें विकेट के रूप में अमब्रिश 29 रन बनाकर आउट हुये। कनिष्क चौहान और खिलन पटेल के बीच आठवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी ने भारत को 250 के पार पहुंचाया।
कनिष्क चौहान ने 29 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन और खिलन पटेल ने 15 गेंदों में दो चौकों और एक छ्क्के की मदद से 21 रन बनाये। भारत ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाये और उसकी पारी 252 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद सय्याम को दो विकेट मिले। अली रजा, अहमद हुसैन, अली हसन बलोच और मोमिन कमर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
