UP: दुकान से घसीट कर पिटाई और छीनी नकदी, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मझगईं, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को दुकान के अंदर खींचकर बेरहमी से पीटने और उससे नकदी छीनने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पिता-पुत्र मिलकर एक असहाय व्यक्ति की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

मझगई थाना क्षेत्र के छेदुई पतिया गांव के मोतीपुरवा निवासी राधेश्याम ने बताया कि घटना 31 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे की है। वह दवा लेने छेदुई पतिया गया था। इसी दौरान मुन्नापुरवा मजरा छेदुई पतिया निवासी सुनील कुमार और महावीर ने उसे गालियां देते हुए रामलाल की दुकान का शटर जबरन खोलकर अंदर खींच लिया। आरोप है कि दुकान के भीतर दोनों आरोपियों ने उसकी की जेब से 2,200 रुपये छीन लिए और उसके साथ जमकर मारपीट की। 

इसके बाद शटर बंद करने की कोशिश की गई, जिससे पीड़ित को अपनी जान का खतरा महसूस हुआ। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर भाग निकला, लेकिन बाहर सड़क पर भी आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान जब उसका भतीजा कमलेश बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि जब वह थाने शिकायत दर्ज कराने जा रहा था, तो आरोपियों ने रास्ते में उसका घेराव कर उसे रोकने की कोशिश की। 

किसी तरह वह थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि मझगई पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में भी हीलाहवाली की है। प्रभारी निरीक्षक राजू राव का कहना है कि दोनों आरोपी पिता-पुत्र पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में पिता-पुत्र द्वारा मिलकर उसकी पिटाई किए जाने के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुद को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का पदाधिकारी बताकर क्षेत्र में लोगों को डराते-धमकाते हैं और सत्ता की धौंस दिखाकर आए दिन ग्रामीणों को परेशान करते हैं।

संबंधित समाचार