लखनऊ विश्वविद्यालय में Phd का वाइवा होगा अब ऑनलाइन, समर्थ पोर्टल से लगेगा छात्रों का अटेंडेंस
संबद्ध महाविद्यालयों का होगा ऑनलाइन निरीक्षण
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय में अब शोधछात्रों के वायवा से लेकर पीएचडी असेसमेंट तक ऑनलाइन किया जाएगा। इतना ही नहीं, छात्रों की उपस्थिति भी अब समर्थ पोर्टल से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसले किए गए हैं। अब विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण करेगा। संकायाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय किया गया है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को अब शैक्षणिक, प्रशासनिक और भौतिक सुविधाओं का विवरण डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करना होगा। निरीक्षण समिति अब ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से ही महाविद्यालयों की स्थिति का आंकलन करेगी। इसके अलावा शोधार्थियों के लिए पीएचडी वाइवा अब ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इससे देश-विदेश के विशेषज्ञों को वाइवा में सम्मिलित करना आसान होगा, शोधार्थियों को यात्रा की कठिनाइयों से मुक्ति मिलेगी।
शोध का भी ऑनलाइन होगा मूल्यांकन
पीएचडी शोध प्रबंध का मूल्यांकन अब ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज होगी, रिपोर्ट समय पर उपलब्ध होगी और शोधार्थियों को अनावश्यक विलंब से बचाया जा सकेगा। जूनियर रिसर्च फेलो से सीनियर रिसर्च फेलो में पदोन्नति हेतु मूल्यांकन अब ऑनलाइन माध्यम से होगा।
ऑनलाइन होगी छात्रों की उपस्थिति
विश्वविद्यालय ने छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से उपस्थिति का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। छात्र कहीं से भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे।
