Bareilly : शराब पार्टी में विवाद के बाद दोस्त को छत से गिराकर मार डाला...एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
बरेली/सिरौली, अमृत विचार। चार दोस्तों में शराब पीने के दौरान आपस में हुए विवाद के बाद एक दोस्त को शराब की दुकान की कैंटीन की छत से नीचे फेंक दिया। युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर एसएसपी और एसपी साउथ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज करके एक आरोपी को मुठभेड़ में लंगड़ा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
सिरौली थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव निवासी गीता ने बताया कि सोमवार की शाम करीब 6 बजे 20 वर्षीय बेटे विनोद को गांव के रहने वाले राशिद, समीम और जीशान को पास के गांव गुरगांवा ले जाकर मारपीट कर छत से धक्का दे दिया। घायल अवस्था में विनोद को उनके पिता प्रेमशंकर शहर के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की। सिरौली पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपी आरिल नदी की तरफ से बदायूं की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीमें ग्राम नवाबपुरा से आरिल नदी की तरफ जाने वाली सड़क पर चेकिंग करने लगीं। इसी दौरान गांव नवाबपुरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक से दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जब रोकने का प्रयास किया तो दाहिनी तरफ खाली पड़ी जगह में अपनी बाइक को लेकर भागने लगे और आगे जाकर बाइक फिसल गई।
इस पर दोनों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी राशिद पुत्र रियासत (उम्र 24 वर्ष) निवासी ग्राम केसरपुर पैर में गोली लगने से घायल हो गया तथा एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आरोपी राशिद के कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
