Bareilly: सिटी स्टेशन रोड पर पहले दिन ही जाम ने किया हलकान, हनुमान मंदिर के पास लगाया गया डायवर्जन
बरेली, अमृत विचार। चौपुला से किला पुल तक सीसी रोड के निर्माण होने के चलते एक तरफ की सड़क को तीन माह के लिए बंद करके बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सिटी स्टेशन रोड पर काम होने के पहले दिन ही लोग जाम की समस्या से जूझते रहे। पुलिस ने किला की तरफ से चौपुला की तरफ आने वाली सड़क पर डायवर्जन लगाकर दो हिस्सो में बाट दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने शहर के प्रमुख मार्ग चौपुला से किला पुल तक सीसी रोड के निर्माण का काम मंगलवार को सुबह शुरू करा दिया। सड़क निर्माण का कार्य पूरा होने में तीन माह का समय लगेगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों, रोडवेज और सिटी बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। टैफिक पुलिस ने सिटी स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर पर दूल्हा मियां की मजार की ओर से आने वाली सड़क को दो हिस्सो में बाट दिया गया है। एक ही सड़क पर दोनों ओर का ट्रैफिक डाले जाने से चौपुला पुल से लेकर किला पुल तक वाहन रेंग रहे हैं। बाकरगंज स्थित डंपिंग ग्राउंड के लिए कूड़ा लेकर जाने वाली गाड़ियों से जाम के हालात बन रहे हैं। जाम से बचने के लिए लोगों ने जब तंग गलियों से निकलने का प्रयास किया तो गलियों में भी जाम का सबब बन गया। मंगलवार को पूरा दिन वाहन सवार जाम में फंसकर घंटों परेशान होते रहे।
लंबे इंतजार के बाद सिटी रोड पर निर्माण कार्य शुरू
बरेली, अमृत विचार: लंबे समय से गड्ढों और टूट-फूट से बेहाल सिटी रोड का लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी एएन बिल्डर्स को सौंपी है। ठेकेदार ने सड़क की पुरानी सतह तोड़कर नई सड़क के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर काम की गुणवत्ता और प्रक्रिया का निरीक्षण कर रहे हैं। यह सड़क लगभग 30 इंच मोटी बनाई जाएगी, जिससे भारी वाहनों के दबाव के बावजूद यह लंबे समय तक टिकाऊ रहे। एक्सईएन भगत सिंह ने बताया कि ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
