कन्नौज : खेत में मिला युवती का झुलसा हुआ शव... हत्या का शक, पुलिस ने जांच की शुरू  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कन्नौज,अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित खेत में युवती का जला हुआ शव मिला है। किसी ज्वलनशील पदार्थ को डालकर जलाए जाने से पूरा शरीर पूरी तरह से झुलस चुका है जबकि चेहरा किसी तरह से बच गया। मामले में हत्या कर शव यहां लाकर जलाए जाने की आशंका पुलिस अधीक्षक की ओर से जताई गई है। उनके स्तर से पुलिस की टीमों का गठन कर जल्द खुलासे की बात भी कही गई है। 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बुधवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव ऋतुकाला में बलही गांव के रहने वाले रामबाबू कुशवाहा के आलू के खेत में युवती का बुरी तरह से झुलसा हुआ शव मिला। खास बात यह कि खेत राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 200 मीटर भीतर है। 

घटनाक्रम के अनुसार करीब 11 बजे के आसपास रामबाबू के भाई अमर सिंह खेतों की तरफ गए तो एक स्थान पर कुत्तों को घूमते देखा। शंका होने पर पास पहुंचे तो मामले का पता चला। उनकी सूचना पर गांव के तमाम लोग भी मौके पर जुट गए और इसके साथ ही तरह तरह की चर्चाएं होने लगीं। 

जानकारी दिए जाने पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार व कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां जांच पड़ताल के बाद फॉरेंसिक टीम, डॉक स्क्वायड और एसओजी टीम को बुलाया गया। टीमों ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। 

शिनाख्त की कोशिश की गई लेकिन स्थानीय स्तर पर मृतका की पहचान नहीं हो सकी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सुबह सूचना प्राप्त हुई थी कि रामबाबू के खेत में युवती का शव जला मिला है। प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि हत्या कहीं और करके यहां लाकर शव को जलाया गया है। 

खुलासे को लेकर पुलिस की गई टीमों का गठन कर दिया गया है। इसके साथ ही आसपास के जनपदों में भी गुमशुदा या अपहृत युवतियों के बारे में जानकारी की जा रही है। चूंकि शव का चेहरा काफी हद तक सुरक्षित है तो इसकी फोटो भी भेजी जा रही है। इससे मृतका की पहचान की जा सके।

डेढ़ माह पहले छिबरामऊ में भी मिला था जला शव

करीब डेढ़ माह पहले दिसंबर में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के निगोह गांव में भी हाईवे के किनारे एक युवती का शव जला हुआ मिला था। इसमें युवती का एक पैर ही बचा था। घटना में पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से दो दिन में ही मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामला प्रेमप्रसंग में हत्या का निकला था। आरोपियों ने हत्या कहीं और कर कन्नौज लाकर शव जलाया था।

ये भी पढ़ें :
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर : महाशिवरात्रि पर्व पर पूजा और आरती का समय, श्रद्धालुओं को मिलेगा झांकी दर्शन 


संबंधित समाचार