बाराबंकी महिला किसान नेता हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, शादी के दबाव से तंग आकर प्रेमी ने की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। महिला किसान नेता की हत्या पर पड़ा पर्दा आखिरकार हट गया। पुलिस ने हत्या, डकैती व दुराचार के मामले में आरोपी प्रेमी युवक को दबाेचा है। खुलासा यह कि मृतका लगातार शादी का दबाव बनाने के साथ ही मना करने पर झूठे मुकदमे में फंसा देने की धमकी दे रही थी, इससे ऊब कर उसने महिला का काम तमाम कर दिया।

बताते चलें कि 2 फरवरी को भाकियू अवध गुट की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता देवी का खून से लथपथ शव गदिया पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम खजूरगांव नहर पटरी के पास खेत में मिला था। मौका देखकर ही साफ हुआ कि इसकी हत्या ईंट से कूचकर की गई है। शव मोर्चरी भेजने के बाद पुलिस जांच में जुट गई।

मृतका का पति गंगाराम निवासी अशरफपुर थाना असन्द्रा फिलहाल हरिद्वार के ऋषिकेश में बच्चों संग रह रहा था। उसी की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत किया गया। एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बुधवार को मृतका के प्रेमी व हत्या प्रकरण में सामने आए अभियुक्त राज मिश्रा उर्फ राजू पुत्र कमलेश मिश्रा निवासी गनेशपुर थाना चिनहट जनपद लखनऊ को असैनी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।

इसकी निशानदेही पर आलाकत्ल एक ईंट एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मृतका सुनीता तो विवाहित थी ही उसकी भी शादी हो चुकी है। मृतका अपने पति से अलग रह रही थी। इस बीच उसका सुनीता से संपर्क हुआ, जिसके बाद वह दोनों साथ रहते थे।

मृतका लगातार शादी का दबाव बना रही थी। मना करने पर पैसों की मांग और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। जिसकी वजह से उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार प्रेमी के विरुद्ध लखनऊ में हत्या, डकैती व दुराचार के मामले दर्ज हैं।

संबंधित समाचार