कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर टला बड़ा हादसा : आरपीएफ जवान ने बचाई महिला की जान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक महिला प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच बनी दरार में गिरने लगी जिसे वहां मौजूद एक सिपाही ने खींच लिया और उसकी जान बच गयी। दरअसल, स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच से गाड़ी संख्या 20802 रवाना हुई, उसी दौरान एक महिला यात्री चलती गाड़ी से चढ़ने का प्रयास कर रहीं थीं लेकिन वह गाड़ी से चढ़ने में सफल नहीं हो पायी और फिसलकर गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच के गैप में लाइन पर गिरने लगी। 

इस बीच ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विनोद कुमार यादव ने दौड़ कर तत्परता से उक्त महिला यात्री को गैप से उसका हाथ खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला और उसे आरपीएफ थाने पर लेकर आए। पूछताछ करने पर महिला यात्री ने अपना नाम अनवर जहां बताया जो मिश्री बाजार मेस्टन रोड की निवासी हैं। उसने बताया कि उसे पटना जाना था। यात्रा करने के दौरान गाड़ी में चढ़ने के प्रयास के दौरान हादसा हो गया। यात्री व उनके बेटे आमिर ने उसके जीवन की रक्षा करने के लिये आरपीएफ स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि पिछली तीन फरवरी को भी सेंट्रल स्टेशन पर ऐसा ही एक नजारा सामने आया था जब प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी गाड़ी संख्या 12403 रवाना हुई, उसी दौरान एक व्यक्ति चलती गाड़ी से उतरने का प्रयास कर रहा था लेकिन गाड़ी से उतरने के प्रयास में वह फिसलकर गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच के गैप में लाइन पर गिरने लगा जिसे ड्यूटी पर तैनात स्टाफ कांस्टेबल संतोष कुमार ने हाथ खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला।

पूछताछ करने पर यात्री ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार सिंह निवासी भदोकर, जिला रायबेरली बताया तथा यह भी बताया कि उसे रायबरेली जाना था, वह गलती से इस गाड़ी में चढ़ गया था और गाड़ी के चलने पर उतरने का प्रयास कर रहा था।  

संबंधित समाचार