युवा और महिलाएं बनेंगी देश की ग्रोथ इंजन : ओपी राजभर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री एवं सुलतानपुर के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है और इससे 'मेक इन इंडिया' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' को नई गति मिलेगी।

शनिवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राजभर ने कहा कि बजट में गरीब, शोषित, वंचित, किसान, युवा और महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा, अवसंरचना और विनिर्माण क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है। 

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए 2,73,108 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। उन्होंने बताया कि लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक जिले में ट्रॉमा सेंटर एवं इमरजेंसी सुविधाओं के विस्तार से आमजन को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि युवा और महिलाएं देश की विकास यात्रा की ग्रोथ इंजन बनेंगी और यह बजट रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। पंचायत चुनाव के संबंध में उठ रहे प्रश्नों पर मंत्री ने कहा कि चुनाव समय पर ही होंगे और तैयारियां जारी हैं। 

उन्होंने बताया कि मतपत्र जिलों में पहुंचाए जा चुके हैं तथा 28 तारीख को मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर विपक्ष के दावे वास्तविकता से परे हैं। फार्म-7 के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग बिना सत्यापन किसी का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाएगा और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए आयोग प्रतिबद्ध है।  

संबंधित समाचार