Bareilly: एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह बोले...सपा शासन में कंगाल हुआ प्रदेश, अब चमकेगी सूरत 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। पूर्व मंत्री और एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में उत्तर प्रदेश में पूरी तरह जंगलराज कायम था। इतना ही नहीं प्रदेश कंगाली की कगार पर पहुंच गया था। उस समय प्रदेश में 125 से अधिक दंगे हुए थे। पूरा उत्तर प्रदेश तबाही के कगार पर खड़ा था, लेकिन आज वही यूपी ''''''''सरप्लस स्टेट'''''''' के नाम से जाना जा रहा है। मौजूदा समय में प्रदेश की कृषि विकास दर 14 प्रतिशत और इंडस्ट्रियल ग्रोथ रेट 7.6 प्रतिशत पर है। यूपी अब देश में नंबर वन स्थान पर है।

पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में लगभग 2.80 लाख करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश के खाते में आया है। उन्होंने कहा कि यूपी को दो हाई-स्पीड ट्रेन कॉरीडोर मिले हैं, वाराणसी से हल्दिया तक वॉटर-वे का लाभ भी प्रदेश को मिल रहा है। नेशनल हाईवे में यूपी का बहुत बड़ा योगदान है और लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। हर जिले के अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर बनने से राज्य को अभूतपूर्व लाभ होगा। उन्होंने कहा कि हमारी जीडीपी 2013 में जहां 113 लाख करोड़ थी, आज वह 4.56 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि 2013 में बिजली उत्पादन 2,29,476 मेगावाट था, जो अब बढ़कर 4,69,578 मेगावाट हो गया है। ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में भी देश 76 गीगावाट से 230 गीगावाट पर पहुंच गया है। यूपी में कनेक्टिविटी का जाल बिछा है, जिसमें 8 एक्सप्रेस-वे, 16 एयरपोर्ट और 42 मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हैं।

2047 तक विकसित भारत का सपना होगा साकार
पूर्व मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा। अमेरिकी टैरिफ के उतार-चढ़ाव को लेकर छिड़ी वैश्विक बहस के बीच डॉ. महेंद्र सिंह ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी कामयाबी बताया। साफ किया कि जो टैरिफ अमेरिका ने बेतहाशा बढ़ाया था, उसे मोदी सरकार ने बातचीत के दम पर नीचे लाकर देश को बड़ी राहत दी है। इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक एमपी आर्या, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना मौजूद रहे।

संबंधित समाचार