भारत जल्द ही बनेगा विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था : सीतापुर में बोले सीएम योगी
सीतापुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से देश उन्नति के शिखर पर पहुंचा है, जल्द ही वो विश्व की तीसरी ताकत बनकर उभरेगा। हमे अपनी नैतिक विचारधारा को मजबूत करते हुए बंटने से बचना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीतापुर शहर के मोहल्ला शास्त्री नगर स्थित तपोधाम आश्रम के वार्षिकोत्सव में सम्मिलित होकर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया के अर्थतंत्र का 45 फीसद हिस्सा था। हमले होने पर हम आपस में बंटते गये। मत, संप्रदाय, जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बंटवारा हुआ। आजादी के समय हम अर्थव्यवस्था में महज दो फीसद ही रह गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नेतृत्व करते हुए कम समय में इसे शीर्ष तक पहुंचाया। आज हम अर्थव्यवस्था में विश्व की तीसरी ताकत बन रहे हैं। सभी समाज को एकजुट होना होगा, सनातनी संस्कृति को संरक्षित कर हमें बंटने से भी बचना होगा। तपोधाम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गिरधारी नाथ महाराज स्मारक स्थल का अनावरण किया।
बाद में अनुष्ठान में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राजस्थान के तिजारा विधान सभा विधायक महंत योगी पीर बालकनाथ, महंत योगी तेजनाथ महाराज, सतगुरु गिरधारी नाथ, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरू, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका सीतापुर, खैराबाद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अनुयायी उपस्थित थे।
