Bareilly: 1 हजार से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी, हिस्ट्रीशीटर कन्हैया गुलाटी पर पांच और FIR
बरेली, अमृत विचार। हिस्ट्रीशीटर कन्हैया गुलाटी का आपराधिक रिकॉर्ड लगातार लंबा होता जा रहा है। कोर्ट के आदेश पर कन्हैया गुलाटी और उसकी पत्नी बेटे पर पांच मुकदमे लगातार दूसरे दिन दर्ज किए गए है। जिसमें एक हजार से अधिक लोगों से कैनविज कंपनी और उसका मालिक कन्हैया गुलाटी करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया है।
पीड़ित रामपुर और मुरादबाद के भी रहने वाले है। जबकि अभी हाल में ही एसएसपी अनुराग आर्य ने कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट खुलवाई थी। मामले की जांच एसआईटी कर रही है। लेकिन अभी तक कन्हैया गुलाटी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
केस 1
मुरादाबाद के युवक समेत 58 लोगों से करोड़ों ठगे
जिला मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा के मोहल्ला नई बस्ती वार्ड नंबर 4 निवासी कलीम अहमद ने बताया कि उसने कैनविज कंपनी में 17 लाख 75 हजार रुपये का निवेश किया था। उसके साथ 58 अन्य लोगों ने भी करोड़ों रुपये निवेश किए थे। लेकिन कन्हैया गुलाटी सभी के रुपये लेकर फरार हो गया। उसने बारादरी पुलिस से लेकर एसएसपी कार्यालय तक में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब बारादरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कन्हैया गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 2
रामपुर के युवक समेत 186 लोगों से 8 करोड़ ठगे
रामपुर जिले के थाना अजीमनगर के गांव मजरा इमरता निवासी जुबैर ने बताया कि उसने कैनविज कंपनी में 2 लाख रुपये का निवेश किया था। उसके साथ 186 अन्य लोगों ने भी कैनविज कंपनी में करोड़ों रुपये लगाए थे। लेकिन कंपन का मालिक कन्हैया गुलाटी सभी के रुपये लेकर फरार हो गए। अब पैसे वापस मांगने या पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी वहाटसप कॉल से जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने बताया कि उसके साथ अन्य लोगों के भी 8 करोड़ रुपये लेकर वह फरार चल रहा है। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 3
12 लोगों से करोड़ो लेकर जान से मारने की धमकी
बारादरी थाना क्षेत्र के टयूलिट टावर स्टेडियम रोड निवासी प्रमोद सिंह परिहार ने बताया कि उसके साथ 12 अन्य लोगों ने करोड़ों रुपये कैनविज कंपनी में निवेश किए थे। उसके बाद कंपनी बंद करके उसका मालिक कन्हैया गुलाटी फरार हो गया। अब पैसे वापस मांगने पर वह वहाटसप कॉल पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 4
769 लोगों को लगाया करोड़ों का चूना
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के वीरसावरकर नगर निवासी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने कैनविज कंपनी में 26 लाख रुपये का निवेश किया था। जबकि उसके साथ 769 लोगों ने भी कंपनी में करोड़ों रुपये लगाए थे। पैसा लेते ही कन्हैया गुलाटी परिवार के साथ भूमिगत हो गया। अब गुलाटी पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, बेटा गोपाल गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 5
युवक और उसके रिश्तेदार से 36 लाख लिए
किला थाना क्षेत्र के स्वालेनगर नवदिया निवासी मोहन मौर्य ने बताया कि उसके घर पर पुष्पेन्द्र, सोनू चंद्रा, होमगार्ड नरेश मौर्य दो साल पहले आए थे। उन्होने बताया कि कैनविज कंपनी में 18 साल से काम कर रहे है। कंपनी का मालिक कन्हैया गुलाटी है। उन्होने कहा कि कंपनी में पैसा लगाने पर 12 प्रतिशत का ब्याज मिलता है। जिसके बाद उनके कहने पर उसने 12 लाख रुपये कैनविज कंपनी में लगा दिए। उसके बाद उन्होने कहा कि अगर किसाी अन्य परिचित के पैसे लगवाने पर दो प्रतिशत ब्याज अतिरिक्त दिया जाएगा। जिसके बाद उसने अपने रिश्तेदार और मिलने वालों के कुल 24 लाख रुपये और लगवा दिए। उसके बाद कुछ माह तक पैसे आए लेकिन बाद में पैसे आना बंद हो गए। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी, जगतपाल सिंह मौर्य, पुष्पेन्द्र उर्फ सोनू चंद्रा और नरेश मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
