CM योगी का बड़ा ऐलान: हर जिले में बनेगा 'सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन', एक छत के नीचे कौशल, रोजगार और स्टार्टअप का सपना होगा साकार
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उप्र. दिवस के अवसर पर घोषित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार और कौशल से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे सभी जिलों में उपयुक्त स्थलों पर भूमि चिन्हित कर शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। कहा कि परियोजना को समयबद्ध ढंग से लागू किया जाए, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने लोकभवन में सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि ऐसा सक्षम और व्यावहारिक इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां स्थानीय युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और वेतन आधारित रोजगार के अवसर साथ-साथ मिलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जोन स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय औद्योगिक संभावनाओं के अनुरूप विकसित किए जाएं, ताकि प्रत्येक जनपद की विशिष्टता के अनुसार रोजगार सृजन हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से जुड़े विभिन्न विभागों और सुविधाओं को एकीकृत रूप में उपलब्ध कराने की पहल है। उन्होंने एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों, स्टार्ट-अप और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट, फ्लैटेड फैक्ट्री और साझा अवसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे उद्यमियों को शुरुआती स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में अवगत कराया गया कि प्रत्येक जोन में कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग फैसिलिटी, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी/सीईटीपी, प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए उद्यमिता प्रशिक्षण, स्किल अपग्रेडेशन, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी और हैंडहोल्डिंग सपोर्ट भी इसी परिसर से उपलब्ध कराया जाएगा।
न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होगा जोन
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे। प्रस्तावित लेआउट में औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटेड फैक्ट्री, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क नेटवर्क, कॉमन फैसिलिटी, सर्विस सेक्टर, हरित क्षेत्र और कार्यालय स्पेस का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ की स्थापना भी की जाएगी, जहां प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
