बाराबंकी : फ्लिपकार्ट डिलीवरी ऑफिस में लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बे में लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर वन विभाग कार्यालय के सामने स्थित फ्लिपकार्ट डिलीवरी ऑफिस में रविवार रात चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी और कुछ सामान चोरी कर ले गए।

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह लोड शेयर नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के इस डिलीवरी सेंटर के टीम लीडर मनोज कुमार पाल कार्यालय पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल शाखा प्रबंधक सुमित कुमार साहू और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ अंदर जांच करने पर लाकर का ताला टूटा मिला और डिलीवरी के लिए रखे कुछ पैकेट भी गायब मिले।

शाखा प्रबंधक सुमित कुमार साहू ने बताया कि लाकर में रखे लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये चोरी हो गए। इसके अलावा मेज के दराज को तोड़कर बदमाश एक हजार रुपये से अधिक के सिक्के भी ले गए। कार्यालय के अंदर और बाहर कुल 14 सीसीटीवी कैमरे तथा दो डीवीआर लगे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दोनों डीवीआर उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे अधिकांश कैमरों की रिकॉर्डिंग भी उनके साथ चली गई। 

हालांकि कंपनी के लखनऊ स्थित हेड ऑफिस से संचालित एक कैमरे की रिकॉर्डिंग सुरक्षित बताई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान संभव हो सकेगी। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

संबंधित समाचार