Moradabad: घर में घुसे बदमाशों ने किसान के परिवार को बंधक बना लाखों के जेवर-नकदी लूटे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। डिलारी थाना क्षेत्र के गांव तगाला में सोमवार देर रात एक किसान के घर लूट की वारदात से दहशत का माहौल है। चार बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और बंदूकों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाने के बाद लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी के साथ जंगलों में कॉम्बिंग की।

गांव तगाला निवासी किसान यासीन पत्नी, बहू और बेटियों के साथ घर में सो रहा था। देर रात अचानक आहट हुई, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता, चार नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस आए। बदमाशों के पास बंदूक थी। बदमाशों ने बंदूक तानकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और अलमारियों की चाबी मांगी। दहशत में आए परिवार ने विरोध करने की हिम्मत नहीं की।

बदमाशों ने अलमारी का ताला खुलवाकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी निकाल ली। लूटे गए सामान में सोने के कुंडल, पायल, अन्य सोने के आभूषण और लगभग दस हजार रुपये नकद हैं। यासीन के मुताबिक, लुटे गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली ताकि कोई कीमती सामान छूट न जाए।वारदात के बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। 

इसके बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डिलारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। इसके साथ ही बदमाशों की तलाश में आसपास के जंगलों और खेतों में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। 

हालांकि, रात भर की तलाश के बाद भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। डिलारी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित यासीन की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लूट की इस घटना से गांव तगाला के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस तरह परिवार को बंधक बनाकर लूट की यह पहली बड़ी वारदात है। लोगों ने पुलिस से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

संबंधित समाचार